- 12 प्रमुख स्थानों पर विशेष आयोजन, रामलीला मैदानों में अग्निशमन टीमें तैनात
- एएसपी अनुराग सिंह ने की अपील, यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। विजयदशमी के पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए रामपुर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जनपद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे-बड़े करीब 37 स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के अनुसार, जनपद में 12 प्रमुख स्थानों पर विशेष रूप से रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी रावण दहन होगा। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख रामलीला मैदानों एवं मेला स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही अग्निशमन विभाग की टीमों को भी मुस्तैद रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
वीआईपी स्थलों पर विशेष सुरक्षा, यातायात व्यवस्था पर नजर
जिन स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और वीआईपी लोगों के पहुंचने की संभावना है, वहां सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, जिससे दशहरे का पर्व शांति, सौहार्द और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।
एएसपी अनुराग सिंह ने मेले में आने वाले लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पुलिस प्रशासन के मुताबिक, दशहरे के सभी कार्यक्रमों को सकुशल संपन्न कराना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो बाइट: अनुराग सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, रामपुर।



