सीएम डैशबोर्ड पर राजस्व कार्यों की समीक्षा, डीएम ने दिए कड़े निर्देश

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • कम प्रगति वाले विभागों को लक्ष्य समय से पूरा करने की हिदायत
  • आबकारी विभाग की खराब रैंकिंग पर कारण बताओ नोटिस के निर्देश

रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

राजस्व कार्यों एवं कर-करेत्तर राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष विभागवार प्रगति की जानकारी ली। कम प्रगति वाले विभागों को विशेष प्रयास कर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा लंबित प्रकरणों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, खनन, परिवहन, लोक निर्माण विभाग तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी सहित राजस्व से जुड़े अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

आबकारी विभाग की खराब रैंकिंग पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी उप जिलाधिकारियों को धारा-24 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का यथाशीघ्र निस्तारण करते हुए रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों का नियमित अनुश्रवण करें। जिन योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं है, उनमें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने को कहा।

डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध एवं गंभीरता से अनुपालन अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आनंद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक जंग बहादुर, समस्त उप जिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]