बच्चे का आधार बनवाने के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगी की रकम निकालने का आरोप, चार गिरफ्तार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 29 सिम, सात एटीएम कार्ड, 11 बैंक अकाउंट किट और 1.13 लाख रुपये नकद बरामद
  • महिला के नाम खुलवाए खाते में साइबर अपराध की रकम ट्रांसफर कर एटीएम से निकासी का आरोप

शाहबाज़ ख़ाँ, जिला संवाददाता

रामपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी कार्रवाई मिली है। पुलिस ने कथित साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्चे का आधार कार्ड बनवाने के नाम पर महिला के नाम से एनएसडीएल पेमेंट बैंक में खाता खुलवाते थे। इसके बाद साइबर अपराध से संबंधित रकम उक्त खाते में ट्रांसफर कराकर एटीएम के माध्यम से निकालने का आरोप है।

महिला के नाम खुलवाते थे बैंक खाता

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने वादिनी के नाम से बैंक खाता खुलवाया था। इस खाते में कथित साइबर अपराध से जुड़ी धनराशि ट्रांसफर कराई गई और बाद में एटीएम से रकम निकाली गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल और बैंकिंग सामग्री बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन आईफोन और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन समेत कुल नौ मोबाइल, सात एटीएम कार्ड, 29 सिम कार्ड, दो चेकबुक और 11 बैंक अकाउंट किट बरामद की हैं।

इसके अलावा एक लैपटॉप, एक बायोमैट्रिक डिवाइस तथा जिला सहकारी ग्राम विकास बैंक, शाहबाद रामपुर की एक बैंक मोहर भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

1.13 लाख रुपये नकद मिले

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 13 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंकिंग दस्तावेजों की जांच के जरिए पुलिस कथित साइबर नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।

अन्य आरोपियों और खातों की तलाश

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि किन-किन बैंक खातों में पहुंचाई गई और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की साइबर अपराध नियंत्रण संबंधी प्राथमिकताओं तथा एसपी रामपुर अनिल कुमार सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस द्वारा की गई।

बाइट: अनिल कुमार सिंह सिसोदिया, एसपी रामपुर

Nation Station News

रिपोर्ट: शाहबाज़ ख़ाँ, रामपुर

[wps_visitor_counter]