- प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा सरकार के मंत्री को ‘जनहित का तोहफा’ देने निकले कांग्रेस कार्यकर्ता, बैरिकेडिंग कर रोका
- राष्ट्रपति के नाम सीओ सिटी ने लिया ज्ञापन, डिजिटल भुगतान में अनधिकृत वसूली रोकने समेत आठ मांगें उठाईं
रामपुर। रिपोर्ट शाहबाज़ खां।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी रामपुर की ओर से डिजिटल भुगतान व्यवस्था में MDR को लेकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन देने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम को देखते हुए पूर्व विधायक संजय कपूर के कैंप कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे जाने से रोक दिया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे भाजपा सरकार के मंत्री को जनहित से जुड़े मुद्दों का ‘तोहफा’ ज्ञापन के माध्यम से देने जा रहे थे। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद मौके पर सीओ सिटी ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान थाना सिविल लाइंस के एसएचओ सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
MDR के नाम पर अतिरिक्त वसूली रोकने की मांग
ज्ञापन में कांग्रेस ने डिजिटल भुगतान व्यवस्था में MDR के नाम पर आम नागरिकों, छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों और मझोले व्यापारियों से अनधिकृत अतिरिक्त राशि की वसूली पर रोक लगाने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि डिजिटल भुगतान से संबंधित शुल्क की वास्तविक स्थिति और देयता को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।
ज्ञापन में छोटे व्यापारियों को शून्य-MDR संबंधी प्रावधानों की जानकारी देने, शिकायतों के लिए सरल एवं त्वरित व्यवस्था बनाने तथा बाजारों में जागरूकता अभियान चलाने की मांग भी की गई।
आर्थिक प्रभाव का अध्ययन कराने की मांग
कांग्रेस ने छोटे एवं मझोले व्यापारियों पर MDR व्यवस्था के वास्तविक आर्थिक प्रभाव का स्वतंत्र अध्ययन कराने और जरूरत पड़ने पर राहत एवं संरक्षण के उपाय किए जाने की मांग उठाई। साथ ही नियमों के विपरीत MDR के नाम पर वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के बावजूद उन्होंने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी और जनहित के मुद्दों को ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय कपूर, जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा ‘निक्कू पंडित’, नगराध्यक्ष बाकर अली खां समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बाइट : संजय कपूर, पूर्व विधायक बिलासपुर।
रिपोर्ट : शाहबाज़ खां, रामपुर


