रामपुर में जनगणना की तैयारियां तेज, 35 फील्ड ट्रेनर्स को मिले प्रमाण पत्र

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना, 1 दिसंबर से शुरू होगा घर-घर सूचीकरण एवं जनसंख्या गणना का कार्य

रामपुर। जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जिला फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण पूरा हो गया। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने 35 फील्ड ट्रेनर्स को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने जनगणना को महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बताते हुए सभी प्रशिक्षकों से जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकारी योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए गणना के दौरान आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड ट्रेनर्स गणना कार्य में लगे कार्मिकों को सही जानकारी दें और आमजन को भी इस कार्य में सहयोग के लिए प्रेरित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराएं।

प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को बताया गया कि जनगणना के अंतर्गत घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रत्येक प्रश्न का सही उत्तर दर्ज करना जरूरी होगा, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक और विश्वसनीय रहें। जिलाधिकारी ने नागरिकों से निर्धारित अवधि में स्वगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज करने तथा प्रशासन को सही विवरण उपलब्ध कराने की अपील की।

16 नवंबर से स्वगणना, दिसंबर में घर-घर पहुंचेगी टीम

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनंद कुमार सिंह ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना प्रस्तावित है। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक मकान सूचीकरण एवं जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं, 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण कार्य प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि 4 जनवरी 2027 को शाम छह बजे से रात 12 बजे तक बेघर परिवारों की गणना की जाएगी। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को क्षेत्रवार तैयारी, घरों की सूची और कार्ययोजना समय से तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे और निर्धारित समय में कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी गुलाब चन्द्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी आनंद कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स तथा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]