रामपुर में रक्तदान शिविर, 23 यूनिट रक्त संग्रह

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • इंजीनियर्स डे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन की पहल

शाहबाज़ ख़ाँ, जिला संवाददाता | रामपुर

रामपुर। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में इंजीनियर्स डे तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन की ओर से जिला चिकित्सालय रामपुर के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संघ के सदस्यों समेत अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 23 यूनिट रक्तदान किया।

रक्तदाताओं में दिखा उत्साह

रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को ब्लड डोनेशन सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। उत्साहवर्धन के लिए रक्तदाताओं को शील्ड देकर सम्मानित भी किया गया।

आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना और रक्तदान के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभाली चिकित्सकीय व्यवस्था

जिला चिकित्सालय रामपुर की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में सक्रिय सहयोग किया। रक्तदान से पहले इच्छुक रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें मुख्य रूप से हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की जांच शामिल रही। योग्य पाए गए रक्तदाताओं से सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया।

शिविर में लैब टेक्नीशियन इकराम, इमरान, लैब असिस्टेंट मोहसिनुल्ला, वार्ड बॉय फारूख, एम्बुलेंस चालक सत्यम भाटिया, मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रखर चित्रांश, डॉ. काजल तथा प्रभारी रक्त केंद्र एवं पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रद्योत सिंह मौजूद रहे।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला

जिला चिकित्सालय रामपुर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.सी. सक्सेना ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और शिविर के सफल आयोजन के लिए डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान महत्वपूर्ण सामाजिक एवं मानवीय कार्य है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

चिकित्सा टीम को किया सम्मानित

शिविर के सफल आयोजन के लिए डिप्लोमा इंजीनियर संघ एसोसिएशन के सदस्यों ने जिला चिकित्सालय की चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान चिकित्सा टीम के सदस्यों को मोमेंटो और फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया।

अभियान को आगे भी जारी रखने की तैयारी

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.सी. सक्सेना एवं रक्त केंद्र प्रभारी डॉ. प्रद्योत सिंह ने बताया कि शुरू किया गया रक्तदान अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा। आगे भी निरंतर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की योजना है।

उन्होंने रक्तदाताओं और आमजन से भविष्य में भी स्वैच्छिक रक्तदान में भाग लेने की अपील की। साथ ही रामपुर और आसपास के जनपदों की सामाजिक, शैक्षणिक एवं अन्य संस्थाओं से भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

जिला चिकित्सालय रामपुर ने कहा कि ऐसी संस्थाओं और रक्तदाताओं को रक्तदान शिविरों के आयोजन में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज 4 दिसंबर को लेंगे सात फेरे

रिपोर्ट: शाहबाज़ ख़ाँ, जिला संवाददाता, रामपुर

Nation Station News | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]