रामपुर: बिलासपुर में युवक की हत्या का खुलासा, मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में लगी गोली, हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
  • मुरादाबाद रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद हुई वारदात में इस्तेमाल बाइक, पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात कबूली

रामपुर। बिलासपुर थाना क्षेत्र में शराब के ठेके के पास युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर की रात टैमरा चौराहे के पास चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी रणवीर सिंह उर्फ रम्मी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल, एक तमंचा, खोखा व जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

8 अक्टूबर को शराब के ठेके के पास हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर थाना क्षेत्र में संदीप चौहान उर्फ सनी उर्फ सानिया की शराब के ठेके के पास तीन बाइक सवार व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में वादी की तहरीर के आधार पर थाना बिलासपुर में मुकदमा संख्या 359/2026 दर्ज किया गया था। प्रारंभिक नामजद आरोपियों के अलावा विवेचना के दौरान आदित्य उर्फ आदि का नाम भी प्रकाश में आया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 10 अक्टूबर की रात टैमरा चौराहे के पास चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर गोली चलाई। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी, हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणवीर सिंह उर्फ रम्मी निवासी डिबडिबा, विशाल मिस्त्री उर्फ टैबलेट निवासी आश्रम कॉलोनी के पास डिबडिबा और आदित्य उर्फ आदि निवासी ग्राम खानपुर, थाना बिलासपुर, रामपुर के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 8 अक्टूबर को संदीप चौहान की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। हालांकि, मामले में आरोपियों के बयानों और अन्य साक्ष्यों का सत्यापन विवेचना का हिस्सा है।

पुलिस ने आदित्य उर्फ आदि के कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं, रणवीर सिंह उर्फ रम्मी से .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ, जिसकी नाल में एक खोखा कारतूस फंसा था।

इसके अलावा, घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को विशाल की निशानदेही पर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली जाते समय बाइक को वहां खड़ा कर गए थे।

हत्या के मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, पुलिस मुठभेड़ के संबंध में थाना बिलासपुर में मुकदमा संख्या 360/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/25/27 में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

[wps_visitor_counter]