- पंजीकरण की तकनीकी समस्या दूर, डिजिटल क्रॉप सर्वे नहीं होने पर भी किसान कर सकेंगे फसल का चयन और गलत आंकड़ों में संशोधन
रामपुर। धान खरीद में किसानों की समस्याओं को दूर करने और खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। बुधवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनंद कुमार सिंह ने बिलासपुर मंडी में संचालित सभी 20 धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं।
बिलासपुर मंडी में खाद्य विभाग के 4, नैफेड के 2, पीसीयू के 6, यूपीएसएस के 5, एफसीआई के 1 और मंडी समिति के 2 क्रय केंद्र संचालित हैं। एडीएम ने केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, किसानों को दी जा रही सुविधाओं और शिकायत एवं सुझाव पंजिका की जांच की।
निरीक्षण के दौरान ग्राम चौकोनी निवासी किसान प्यारेलाल पुत्र वेदराम और लीलावती से धान बिक्री एवं पंजीकरण प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली गई। दोनों किसानों द्वारा बिक्री के लिए लाए गए लगभग 180 कुंतल धान के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई। किसानों ने बताया कि पहले पंजीकरण में आ रही तकनीकी दिक्कतें दूर हो चुकी हैं और अब प्रक्रिया आसान हो गई है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे नहीं होने पर भी नहीं रुकेगी खरीद
एडीएम आनंद कुमार सिंह ने बताया कि शासन स्तर से किसानों की सुविधा के लिए पंजीकरण संबंधी तकनीकी समस्याओं का समाधान किया गया है। अब डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) नहीं होने की स्थिति में भी किसान अपनी फसल का चयन कर सकेंगे। सर्वे के गलत आंकड़ों में संशोधन का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। नियमानुसार सत्यापन के बाद ऐसे किसानों से भी धान खरीद की जा सकेगी।
370 किसानों से खरीदा गया 30 हजार कुंतल धान
जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी ने बताया कि 3 नवंबर 2026 तक जनपद में 370 किसानों से करीब 30 हजार कुंतल धान की खरीद की जा चुकी है। पंजीकरण संबंधी तकनीकी बाधाएं दूर होने के बाद खरीद प्रक्रिया में और तेजी आने की उम्मीद है।
एडीएम ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि किसानों के धान की तौल सुगमता और पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाए। किसानों की शिकायतों का तत्काल नियमानुसार निस्तारण किया जाए, जिससे उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय विपणन अधिकारी दीपक श्रीवास्तव एवं विपणन निरीक्षक इंद्रपाल सिंह मौजूद रहे।
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता



