अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की दर्दनाक मौत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • मंडी में धान बेचकर कैमरी जा रहा था किसान, कोठा जागीर के पास हुआ हादसा
  • हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

रामपुर। बिलासपुर तहसील क्षेत्र में बुधवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कोठा जागीर के पास हुआ। मृतक की पहचान हसीन अहमद पुत्र अहमद हुसैन निवासी गांव धामनी पनवाड़ीय के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक हसीन अहमद अपनी धान की फसल लेकर बिलासपुर की नवीन मंडी में बेचने आए थे। फसल बेचने के बाद वह किसी काम से कैमरी की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान कोठा जागीर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हसीन अहमद की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर स्थानीय कोतवाली पुलिस आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, मामले में अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की जानकारी जुटाने में लगी है।

[wps_visitor_counter]