11 हजार वोल्ट की लाइन बनी मौत का कारण, करंट की चपेट में तीन मवेशियों की मौत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • बिलासपुर क्षेत्र में बिजली की ढीली लाइन जमीन पर गिरी, किसान ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
  • एक गाय और दो गर्भवती भैंसों की मौके पर मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

रामपुर। बिलासपुर क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पीड़ित किसान ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक गुरमीत सिंह के निजी ट्यूबवेल की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन ढीली होकर जमीन पर गिरी हुई थी। इसी दौरान लाइन की चपेट में आने से किसान की एक गाय और दो गर्भवती भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत लाइन काफी नीचे और ढीली थी। यदि समय रहते लाइन को दुरुस्त कराया जाता तो हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

पीड़ित किसान गुरमीत सिंह ने प्रशासन से मृत मवेशियों के एवज में उचित मुआवजा दिलाने के साथ ही विद्युत लाइन की स्थिति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले में कोतवाली बिलासपुर में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और ग्रामीण क्षेत्रों में ढीली विद्युत लाइनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

[wps_visitor_counter]