- मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी, पुलिस बल रहा तैनात
रामपुर। शाहबाज़ खां, जिला संवाददाता।
रामपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आशा वर्करों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। आशा वर्करों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शन के चलते कलेक्ट्रेट परिसर में करीब तीन घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। वकीलों, न्यायिक अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आशा वर्करों का कहना था कि उनसे वर्षों से लगातार स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन इसके एवज में मिलने वाला मानदेय उनकी मांग के अनुरूप नहीं है। प्रदर्शनकारी आशा वर्करों ने मानदेय बढ़ाकर 26 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि वर्तमान में मिलने वाली करीब 2 हजार रुपये की राशि पर्याप्त नहीं है।
एसडीएम ने बातचीत कर शांत कराया मामला
हंगामे की सूचना पर एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आशा वर्करों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रदर्शन समाप्त करने के लिए समझाया। आशा वर्करों की ओर से सभी की बात रखने की मांग की गई, जिस पर एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से अपनी बात रखने को कहा।
कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से आशा वर्करों को उनकी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई और आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद सभी आशा वर्कर वापस लौट गईं।
विजुअल: कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करती आशा वर्कर, नारेबाजी, पुलिस बल की तैनाती।
बाइट: रितु देवी, आशा वर्कर
बाइट: तारावती, आशा वर्कर


