- योग एवं आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का किया आह्वान
- उत्कृष्ट सेवा के लिए योग प्रशिक्षक भूप राम सम्मानित
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 11वें आयुर्वेद दिवस-2026 का आयोजन राजकीय यूनानी चिकित्सालय, नगर, रामपुर में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मोहनलाल सैनी रहे। कार्यक्रम में आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता तथा स्वस्थ जीवनशैली में आयुष चिकित्सा की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को योग, दिनचर्या, ऋतुचर्या, संतुलित आहार, औषधीय पौधों तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने आमजन से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग एवं आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट सेवा के लिए भूप राम सम्मानित
सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए योग प्रशिक्षक भूप राम को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मोहनलाल सैनी एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मोहन कुमार ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में विभाग की ओर से संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। चिकित्सकों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्य अतिथि मोहनलाल सैनी ने कहा कि योग एवं आयुर्वेद स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने सेवा संकल्प की भावना के साथ समाजहित में कार्य करने और आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।


