रायबरेली में दो माह तक चलेगा तम्बाकू मुक्त युवा अभियान, 1100 शिक्षण संस्थानों को बनाया जाएगा तम्बाकू मुक्त

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 100 गांवों को तम्बाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य, पुलिस चलाएगी 80 प्रवर्तन अभियान

रायबरेली, 31 अक्टूबर। युवाओं को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में तम्बाकू सेवन के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रायबरेली में तम्बाकू मुक्त युवा अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला की अध्यक्षता में कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं स्टेकहोल्डर के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि अभियान 28 नवंबर 2026 से शुरू होकर आगामी दो माह तक संचालित किया जाएगा। तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी।

अभियान के तहत शिक्षा विभाग द्वारा जिले के 1100 शिक्षण संस्थानों को तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए TOFEI ऑपरेशनल गाइडलाइन के अनुसार आवश्यक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। वहीं, पंचायती राज विभाग के माध्यम से 100 गांवों को तम्बाकू मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस विभाग को तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित 80 प्रवर्तन अभियान एवं गतिविधियां संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बैनर, हैंडबिल और कोटपा अधिनियम-2003 की धारा 4 एवं धारा 6(बी) से संबंधित साइनेज उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई। साथ ही सभी संबंधित विभागों को प्रतिदिन की गतिविधियों की रिपोर्ट तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करने तथा साप्ताहिक हार्डकॉपी रिपोर्ट कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को तम्बाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक करना और शिक्षण संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तम्बाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है।

ब्यूरो रिपोर्ट: चित्रांश श्रीवास्तव, रायबरेली

[wps_visitor_counter]