- 20 सेक्टर, 6 जोनल और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात, जीआईसी-जीजीआईसी में सुरक्षा के इंतजाम
- स्नातक एमएलसी के लिए 29 हजार और शिक्षक एमएलसी के लिए 4,200 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
ब्यूरो चित्रांश श्रीवास्तव, रायबरेली।
रायबरेली में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 6 जोनल मजिस्ट्रेट और 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
29 हजार स्नातक और 4,200 शिक्षक मतदाता करेंगे मतदान
लखनऊ स्नातक एमएलसी सीट के लिए रायबरेली में लगभग 29 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, शिक्षक एमएलसी चुनाव में करीब 4,200 मतदाता मतदान करेंगे। शिक्षक एमएलसी के चुनाव मैदान में 13 प्रत्याशी, जबकि स्नातक एमएलसी के लिए 16 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जीआईसी-जीजीआईसी सहित 18 ब्लॉक कार्यालयों में बने केंद्र
रायबरेली में राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी), राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) और 18 ब्लॉक कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com



