- गौरीगंज हरदासपुर चौराहे पर मची अफरा-तफरी, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
ब्यूरो: चित्रांश श्रीवास्तव | रायबरेली
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के गौरीगंज हरदासपुर चौराहे पर गैस सिलेंडर से आग लगने की घटना में एक दुकान धू-धू कर जल उठी। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का दावा किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चौराहे पर स्थित दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
तीन लाख रुपये के नुकसान का दावा
मकान मालिक के अनुसार, अग्निकांड में लगभग तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद परिवार में मायूसी छा गई।
फिलहाल, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग गैस सिलेंडर से लगने की बात कही जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।



