- लखनऊ में आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर हुआ कार्यक्रम, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
लखनऊ, 31 अक्टूबर। लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश की ओर से लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी दिलीप पाण्डेय ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
500 से अधिक रियासतों को जोड़कर सरदार पटेल ने रखी अखंड भारत की नींव
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब जाति, धर्म और नफरत की राजनीति के जरिए समाज को बांटने की कोशिशें हो रही हैं, ऐसे दौर में सरदार पटेल की एकता और भाईचारे की विचारधारा और अधिक प्रासंगिक हो जाती है। आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और समानता के अधिकार के माध्यम से सरदार पटेल और बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
एकता और संविधान की रक्षा के लिए कार्यकर्ता संकल्पित
निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर विविधता और भाईचारे की ताकत का संदेश दिया था। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में नफरत और वैमनस्य फैलाने वाली ताकतों का मुकाबला किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा से काम करने को संकल्पित है।
वहीं, लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि सरदार पटेल केवल देश के एकीकरण के शिल्पी ही नहीं, बल्कि किसानों और वंचित वर्गों के भी मजबूत पैरोकार थे। बारडोली सत्याग्रह से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक उनका जीवन संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक मजबूती तभी संभव है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति को न्याय और अधिकार मिले।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी पदाधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से सरदार पटेल के विचारों को अपनाने और आपसी सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रदेश सह-प्रभारी दिलीप पाण्डेय, निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह पटेल, लखनऊ जिलाध्यक्ष इरम रिजवी समेत पार्टी के प्रदेश एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



