- अधिवक्ताओं की एकजुटता और सम्मान के लिए हमेशा संघर्षरत रहूंगा: अनुराग पाण्डेय
- रामेंद्र कटियार अध्यक्ष और ओम प्रकाश दुबे सचिव बने, समारोह में अधिवक्ताओं का उमड़ा हुजूम
फर्रुखाबाद। तहसील सदर बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को तहसील सदर परिसर में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष अनुराग पाण्डेय ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष रामेंद्र कटियार, सचिव ओम प्रकाश दुबे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष होशियार सिंह राजपूत, संयुक्त सचिव हेमराज सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष राजेश वर्मा, ऑडिटर संतोष राजपूत तथा पुस्तकालय मंत्री उमेश सारस्वत ने शपथ ग्रहण की। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य रुकमंगल सिंह चौहान, अरविंद दिवाकर, मनोज यादव, सुधीर सक्सेना, राघव शुक्ला, अभिनय गुप्ता और सर्वेश पाल को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि अनुराग पाण्डेय ने कहा कि फर्रुखाबाद से उनका विशेष स्नेह रहा है। अधिवक्ता समाज के हितों और अधिकारों के लिए वह हमेशा संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता आपसी एकता और मजबूती के साथ कार्य करें। अधिवक्ताओं का सम्मान ही उनका सम्मान है। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने मुख्य अतिथि अनुराग पाण्डेय का माल्यार्पण कर बुके भेंट करके स्वागत किया। वहीं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष देव प्रकाश अवस्थी, अनीश सिंह, राहुल दीक्षित और संजीव शाक्य ने प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर तहसील अमृतपुर के सचिव गजेंद्र सिंह एडवोकेट, कायमगंज एवं जिला बार एसोसिएशन फतेहगढ़ से अरुण मिश्रा, अरुण दुबे बाबा, समाजसेवी संजय गर्ग, जुगल किशोर मिश्रा, गणेश दुबे, भैया मिश्रा, कोमल पाण्डेय, विपिन यादव, अतुल मिश्रा, अनूप कटियार, रविनेश यादव, स्वदेश दुबे, धीरज अग्निहोत्री, ऋषि अवस्थी और आशीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता



