मुरादाबाद में 50 हजार की रिश्वत लेते चकबंदी पेशकार गिरफ्तार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • आदेश ऑनलाइन करने के नाम पर किसान से मांगी थी रकम
  • एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ पकड़ा, सिविल लाइंस थाने में कार्रवाई

मुरादाबाद। चकबंदी विभाग में जमीन संबंधी मुकदमे के आदेश को ऑनलाइन करने के नाम पर किसान से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते चकबंदी पेशकार सुभाषचंद्र को एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम आरोपी को सिविल लाइंस थाने लेकर पहुंची, जहां उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

मूंढापांडे क्षेत्र के गनेशघाट गांव निवासी किसान ओमवीर सिंह का जमीन से संबंधित मुकदमा चकबंदी विभाग में कई वर्षों से चल रहा था। मुकदमे का निस्तारण 17 अप्रैल को हो गया था, लेकिन आदेश अभी तक ऑनलाइन नहीं किया गया था। किसान के मुताबिक, जब उन्होंने पेशकार सुभाषचंद्र से आदेश ऑनलाइन कराने के लिए संपर्क किया तो कथित तौर पर उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई।

इसके बाद किसान ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। टीम ने योजना बनाकर मंगलवार को किसान को रुपये लेकर पेशकार के पास भेजा। करीब साढ़े तीन बजे जैसे ही किसान ने पेशकार को 50 हजार रुपये दिए, एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

https://whatsapp.com/channel/0029Va7KAnQGufJ3nPTdjp03

कार्रवाई के बाद टीम आरोपी पेशकार को लेकर शाम करीब 4:50 बजे सिविल लाइंस थाने पहुंची। पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी रही। मामले में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद चकबंदी विभाग में हड़कंप मच गया है।

[wps_visitor_counter]