- रामघाट पर खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर बह रही नदी, आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण
अरविन्द श्रीवास्तव, जिला संवाददाता
बांदा। चित्रकूट जनपद में रात्रि में हुई बारिश के बाद मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क है। चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने रामघाट पहुंचकर नदी के जलस्तर की स्थिति का स्थलीय जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के फ्लड कंट्रोल रूम प्रथम, कर्वी से मिली जानकारी के अनुसार रामघाट पर मंदाकिनी नदी का खतरे का निशान 126.500 मीटर निर्धारित है। रविवार दोपहर 12 बजे नदी का जलस्तर 126.700 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि, प्रशासन के अनुसार फिलहाल नदी के जलस्तर में गिरावट का रुझान बना हुआ है।
जलस्तर में प्रत्येक बदलाव की सूचना देने के निर्देश
आयुक्त अजीत कुमार ने अधिकारियों से नदी के जलस्तर और आसपास की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए और इसमें होने वाले प्रत्येक परिवर्तन की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जिला एवं मंडल प्रशासन पूरी स्थिति पर सतत निगरानी रख रहा है। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां भी सुनिश्चित की गई हैं।
नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
आयुक्त ने मंदाकिनी नदी के आसपास रहने वाले लोगों और जनपदवासियों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन मौसम और नदी के जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचना चाहिए।
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित लोगों के लिए रहने, भोजन, पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की बात कही है।
अरविन्द श्रीवास्तव, जिला संवाददाता
बांदा


