- समाजसेवी ग्रामीण ने एसडीएम को दिया प्रार्थना पत्र
- हादसे की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की
बबेरू/बांदा। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कोरी खुर्द में जर्जर पड़े पुराने प्राथमिक विद्यालय भवन को ध्वस्त कराने की मांग को लेकर समाजसेवी पीसी पटेल ने ग्रामीणों के साथ एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि गांव में संचालित सरकारी प्राथमिक विद्यालय की पुरानी बिल्डिंग पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। करीब 20 वर्ष पूर्व शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय के लिए नए भवन का निर्माण करा दिया गया था। इसके बाद से शिक्षण कार्य नए भवन में संचालित हो रहा है, जबकि पुरानी जर्जर इमारत अब भी खड़ी है।
ग्रामीणों के अनुसार जर्जर भवन की दीवारों और छत से आए दिन ईंट-पत्थर समेत अन्य मलबा टूटकर गिरता रहता है। इसके चलते पूर्व में कई लोगों के चोटिल होने की बात भी ग्रामीणों ने बताई है। भवन के बगल में शिव मंदिर स्थित है, जहां दिन-रात बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में जर्जर भवन से किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए एसडीएम से जर्जर भवन का निरीक्षण कराकर उसे तत्काल ध्वस्त कराने के आदेश दिए जाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।


