कल्याणपुर में मुख्यमंत्री गन्ना कृषक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • गन्ना उत्पादन बढ़ाने, सहफसली खेती और कीट-रोग प्रबंधन की दी गई जानकारी

रामपुर। ग्राम पंचायत कल्याणपुर में मुख्यमंत्री गन्ना कृषक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में किसानों को गन्ने का क्षेत्रफल बढ़ाने, उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि करने, सहफसली खेती अपनाने तथा खेती की लागत कम करने के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर एवं राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक कपिल कुमार ने गन्ने की विभिन्न प्रजातियों, उनकी पहचान, विशेषताओं और उपयोगिता के बारे में किसानों को विस्तार से बताया। साथ ही गन्ना विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर किसानों से उनका लाभ उठाने की अपील की गई।

कीट-रोगों की पहचान और प्रभावी प्रबंधन पर जोर

मास्टर ट्रेनर अर्थराम ने वर्तमान समय में गन्ने की फसल में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों की पहचान, उनके प्रभाव और प्रभावी नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी। किसानों को गन्ना समितियों में उपलब्ध कीटनाशक एवं रोगनाशक दवाओं के बारे में भी बताया गया।

प्रशिक्षण के दौरान आधार एवं प्राथमिक पौधशालाओं से बीज वितरण तथा विभाग की ओर से दिए जाने वाले अनुदान की प्रक्रिया के संबंध में भी किसानों को जानकारी दी गई।

कृषि यंत्रों और विभागीय योजनाओं की दी जानकारी

किसानों को गन्ना समिति मिलक के फार्म मशीनरी बैंक में उपलब्ध विभिन्न कृषि यंत्रों और उनके उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाकर उत्पादन लागत कम करने और फसल की उत्पादकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में सर्किल गन्ना पर्यवेक्षक कपिल कुमार, मिल पर्यवेक्षक रणवीर सिंह एवं आसिफ तथा सहायक गन्ना अधिकारी रति राम चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने किसानों से गन्ना विकास विभाग की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

[wps_visitor_counter]