- मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने किया प्रीमिक्स सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन
- करीब 11 लाख रुपये की लागत से बनेगी सड़क, स्थानीय लोगों को मिलेगी आवागमन में राहत
बठिंडा, 29 सितंबर। करीब 35 वर्षों से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे गोदारा कॉलोनी के लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर निगम बठिंडा की ओर से वार्ड नंबर 50 की गोदारा कॉलोनी में प्रीमिक्स सड़क के निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर एमसी सुखदेव सिंह सहित गुरजीत सिंह, जसविंदर सिंह जस्सू, गगनदीप सिंह, इकबाल सिंह, गुरतेज सिंह, जगसीर सिंह, परमिंदर सिंह, शाम सिंह, राम सिंह, दर्शन सिंह, अमरजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, जसकरन सिंह, रिंकू, शांति, रिंकू ग्रोवर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
11 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण
मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा कि करीब 35 साल के लंबे इंतजार के बाद गोदारा कॉलोनी में सड़क निर्माण का काम शुरू हुआ है। करीब 11 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के पूरा होने के बाद कॉलोनी के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जा रहा है। सड़क, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम लगातार काम कर रहा है।
हर गली-मोहल्ले तक विकास पहुंचाने का दावा
मेयर ने कहा कि शहर का विकास केवल बड़े प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं होना चाहिए। हर गली और मोहल्ले में लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अच्छी सड़कें न केवल आवागमन को आसान बनाती हैं, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के साथ लोगों की रोजमर्रा की परेशानियां भी कम करती हैं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम ‘मॉडर्न बठिंडा’ के विजन के तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों में विकास कार्य करवा रहा है। विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का ध्यान रखने के साथ निर्धारित मानकों के अनुसार काम करवाने को प्राथमिकता दी जा रही है।
मेयर ने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों की निगरानी में नगर निगम का सहयोग करने तथा इलाके को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखने में योगदान देने की अपील की।


