- किसानों की फसलों को भारी नुकसान का अनुमान, कई मार्ग और रेलवे अंडरपास जलमग्न
- लगातार बारिश से आवागमन प्रभावित, स्कूल रहे बंद; बिजली और जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी
मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता
फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश।
फर्रुखाबाद जिले में पिछले कई घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते जहां शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, वहीं किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान होने का अनुमान है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल कई स्थानों पर गिर गई है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शनिवार को जिले में औसतन 196.06 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सदर तहसील क्षेत्र में 197.70 मिलीमीटर, कायमगंज में सर्वाधिक 210 मिलीमीटर तथा अमृतपुर में 180.50 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। कायमगंज क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई मार्ग जलमग्न हो गए, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फसलों में भरा पानी, धान की खड़ी फसल गिरी
लगातार हो रही बारिश के कारण किसानों के खेतों में पानी भर गया है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से खड़ी धान की फसल गिरने लगी है। इसके अलावा बाजार और ज्वार आदि फसलों को भी नुकसान होने का अनुमान जताया जा रहा है। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो फसलों को और अधिक नुकसान हो सकता है।
रेलवे अंडरपास में पानी भरने से यातायात ठप
भारी बारिश के कारण शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई जगह जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से सामान्य आवागमन प्रभावित रहा। कई स्थानों पर हालात ऐसे बने कि लोगों को आवाजाही के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ी।
उत्तर मध्य रेलवे के नीम करोरी स्टेशन के समीप मोहम्मदाबाद-रोहिला रेलवे अंडरपास तथा मुरहास कन्हैया-फर्रुखाबाद रेलवे अंडरपास में भी पानी भर गया। जलभराव के कारण दोनों ओर से वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
फतेहगढ़ लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मुरलीधर ने रेलवे के संबंधित इंजीनियरों को दोनों रेलवे अंडरपास में भरे पानी को पंप लगाकर निकालने के निर्देश भेजे हैं, ताकि यातायात व्यवस्था को जल्द बहाल किया जा सके।
कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालय बंद
लगातार बारिश को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय रेनी डे के रूप में बंद रहे। प्रशासन की ओर से लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग की ओर से जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। जिला प्रशासन ने आमजन, किसानों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।


