- आशा और आशा संगिनियों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र सौंपा
- जल्द भुगतान नहीं हुआ तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। मानदेय भुगतान की मांग को लेकर आशा वर्कर्स का आक्रोश बुधवार को फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंच गया। आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में आशा व आशा संगिनियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए लंबित मानदेय का जल्द भुगतान किए जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारी आशा वर्कर्स ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र नगर मजिस्ट्रेट पारुल तारार को सौंपा। आशा वर्कर्स का आरोप है कि मानदेय भुगतान को लेकर कई दौर की वार्ता और समझौते हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके कार्य के अनुरूप मानदेय का भुगतान अब तक नहीं किया गया है।
आश्वासन के बावजूद भुगतान लंबित
आशा वर्कर्स का कहना है कि उन्हें कई बार जल्द भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन इसके बावजूद भुगतान की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। उनका आरोप है कि मानदेय से संबंधित फाइलें अभी भी सरकारी स्तर पर लंबित हैं। इससे आशा वर्कर्स को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से लंबित मानदेय का जल्द भुगतान कराने की मांग की। आशा वर्कर्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा। कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में आशा वर्कर्स की मौजूदगी और नारेबाजी के चलते काफी देर तक हलचल बनी रही।
फर्रुखाबाद से संवाददाता।


