फर्रूखाबाद में 69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने ध्वजारोहण और बैलून छोड़कर किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
  • करीब 270 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में लिया हिस्सा

फर्रूखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में बुधवार को 69वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ पुलिस लाइन ग्राउंड, फतेहगढ़ में हुआ। जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण एवं बैलून छोड़कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया और विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।

उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने मार्च-पास्ट सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में फतेहगढ़, फर्रुखाबाद एवं कायमगंज क्षेत्र के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के करीब 270 छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग एथलेटिक्स स्पर्धाओं में प्रतिभाग किया।

खेलों से विकसित होती है अनुशासन और नेतृत्व क्षमता

जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर

डीएम ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं शिक्षकों को खिलाड़ियों की सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी मंडलीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता

[wps_visitor_counter]