नकली वीजा और फर्जी ऑफर लेटर देकर ठगी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • ह्यूमन राइट्स कमीशन पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए समर्पित : पद्म श्री जतिंदर सिंह शांति
  • ह्यूमन राइट्स से जुड़ी शिकायतें व्हाट्सऐप नंबर 9855475547 पर भेजने की अपील

बठिंडा/रामपुरा/भगता भाईका, 27 सितंबर। पंजाब स्टेट एवं यूनियन टेरिटरी चंडीगढ़ ह्यूमन राइट्स कमीशन (PSHRC) के सदस्य पद्म श्री जतिंदर सिंह शांति ने रामपुरा और भगता भाईका में आयोजित ह्यूमन राइट्स अवेयरनेस कैंप के दौरान जनसुनवाई की। कैंप का आयोजन नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के साथ-साथ लोगों की शिकायतों के निपटारे के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी, समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

पद्म श्री जतिंदर सिंह शांति ने कहा कि ह्यूमन राइट्स कमीशन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करना, लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि कमीशन की कोशिश है कि उसकी पहुंच समाज के हर वर्ग और हर घर तक हो, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि नागरिक सेक्टर-34 ए, बिल्डिंग नंबर 220, चंडीगढ़ स्थित ह्यूमन राइट्स कमीशन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मानवाधिकार से संबंधित शिकायतें व्हाट्सऐप नंबर 9855475547 पर भी भेजी जा सकती हैं। शिकायतकर्ता आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड तथा पुलिस या किसी अन्य संबंधित संस्था में की गई शिकायत की प्रति भेज सकता है, जिसके आधार पर आयोग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नशे के खिलाफ विद्यार्थियों को किया जागरूक

रामपुरा स्थित भारतीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए पद्म श्री शांति ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं नशे से बचें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करें।

उन्होंने फर्जी वीजा, नकली ऑफर लेटर, फर्जी शादी और विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके साथ इस तरह की ठगी हुई है या उन्हें किसी ऐसे गिरोह की जानकारी है तो वे इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों अथवा ह्यूमन राइट्स कमीशन को दें। उन्होंने कहा कि लोगों को ठगी से बचाने के लिए ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई जरूरी है।

शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश

पद्म श्री जतिंदर सिंह शांति ने जिला प्रशासन बठिंडा द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों से लोगों की शिकायतों के समाधान में और अधिक संवेदनशीलता एवं सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों की भूमिका की भी सराहना की तथा जिला प्रशासन से इन संस्थाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाकर समाजसेवा के कार्यों को और मजबूत करने का आह्वान किया।

जनसुनवाई के दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ मानवाधिकार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा भी की गई।

कार्यक्रम में एडीसी (जे) कंचन, एसडीएम रामपुरा एस. बलकरन सिंह, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उषा गोयल, जिला प्रोग्राम अधिकारी पंकज कुमार, एसपी बठिंडा असवंत धालीवाल, नगर पंचायत भगता भाईका के अध्यक्ष जगसीर सिंह, लाइफकेयर फाउंडेशन के सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, समाजसेवी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]