- सीडीओ गुलाब चन्द्र ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के दिए निर्देश
- स्वगणना 16 नवंबर से 30 नवंबर तक, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
रामपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी गुलाब चन्द्र ने जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) आनन्द कुमार सिंह तथा उपजिलाधिकारी सदर एवं फील्ड ट्रेनर नोडल अधिकारी रत्निका श्रीवास्तव की उपस्थिति में फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सीडीओ गुलाब चन्द्र ने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिए कि वे जनगणना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं और बारीकियों को गंभीरता से समझें। उन्होंने प्रश्नावली भरने का पर्याप्त अभ्यास करने और प्रशिक्षण के दौरान अपनी सभी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर्स को इस तरह प्रशिक्षित होना चाहिए कि वे आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण दे सकें।
चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स तहसील एवं नगर निकाय स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद प्रगणक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। एक दिसंबर, 2026 से चार जनवरी, 2027 तक प्रगणक आवंटित गणना ब्लॉक के प्रत्येक परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से 40 प्रश्नों वाली प्रश्नावली में दर्ज करेंगे।
16 नवंबर से स्वगणना, पांच जनवरी से रिवीजनल राउंड
जनगणना के द्वितीय चरण में नागरिकों को वेब पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की स्वगणना करने की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक की अवधि निर्धारित की गई है। इसके बाद एक दिसंबर, 2026 से चार जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पांच जनवरी से नौ जनवरी, 2027 तक रिवीजनल राउंड आयोजित किया जाएगा। वहीं, चार जनवरी की शाम के बाद रात्रि में बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा नामित जिला जनगणना प्रभारी मो. इल्याज, जनगणना सहायक मो. यासीन तथा मास्टर ट्रेनर अंकुर शुक्ला और मनोज कुमार निमेष सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com


