बठिंडा अर्बन की 14 आंगनवाड़ी हेल्पर्स को मिले नियुक्ति पत्र

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने कहा—बच्चों और माताओं के पोषण व विकास में आंगनवाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका
  • 50 वार्डों में संचालित 174 आंगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत करने की दिशा में कदम

बठिंडा, 07 अक्टूबर। बठिंडा शहर के सभी 50 वार्डों में आंगनवाड़ी सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने बठिंडा अर्बन क्षेत्र की 14 आंगनवाड़ी हेल्पर्स को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान डीपीओ पंकज कुमार और सीडीपीओ ऊषा भी मौजूद रहीं।

नवनियुक्त आंगनवाड़ी हेल्पर्स को बधाई देते हुए मेयर पदमजीत सिंह मेहता ने उन्हें पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं तक पोषण, स्वास्थ्य तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मेयर ने बताया कि बठिंडा जिले में कुल 424 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं, जबकि बठिंडा अर्बन क्षेत्र के सभी 50 वार्डों में 174 आंगनवाड़ी केंद्र चल रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और माताओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

70 आवेदन के बाद 14 पदों पर नियुक्ति

मेयर के अनुसार बठिंडा अर्बन क्षेत्र के 174 आंगनवाड़ी केंद्रों में से 14 स्थानों पर हेल्पर्स के पद खाली थे। इन पदों के लिए विभाग को कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदनों की स्क्रूटनी समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

मेयर ने कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। छोटे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और बुनियादी विकास पर ध्यान देना स्वस्थ और मजबूत भविष्य के लिए आवश्यक है।

उन्होंने नवनियुक्त हेल्पर्स से अपील की कि वे आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों और उनके परिवारों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें।

मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार आम लोगों तक सरकारी सुविधाएं पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में जरूरत के अनुसार विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई नियुक्तियों से आंगनवाड़ी सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।

रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा

[wps_visitor_counter]