बठिंडा, 6 अक्टूबर। पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत व्यापारियों और दुकानदारों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर डिप्टी कमिश्नर बठिंडा राजेश धीमान की अध्यक्षता में साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ व्यापारियों और दुकानदारों ने हिस्सा लिया।
सफाई, सड़क और बिजली से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में एक्साइज एंड टैक्सेशन बठिंडा के चेयरमैन बिक्रम लवली सहित पुलिस, नगर निगम, बिजली बोर्ड, लोकल गवर्नमेंट, इंडस्ट्री विभाग और लेबर विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे। व्यापारियों ने बाजारों की सफाई व्यवस्था, विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण एवं मरम्मत और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा की।
व्यापारिक माहौल को आसान और पारदर्शी बनाने पर जोर
औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। चेयरमैन बिक्रम लवली ने कहा कि पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं का समय पर समाधान कर प्रदेश में कारोबार के लिए बेहतर, आसान और पारदर्शी माहौल तैयार करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की नियमित बैठकों से व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिल रही है।
रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा


