- विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित, पंजाबी भाषा और साहित्य के प्रति बढ़ाया उत्साह
बठिंडा, 30 अक्टूबर। (सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा) पंजाब सरकार के भाषा विभाग के मार्गदर्शन में जिला भाषा कार्यालय बठिंडा की ओर से एमजी डीएवी कॉलेज, बठिंडा में जिला स्तरीय पंजाबी साहित्य सृजन एवं कविता गायन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के करीब 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में एमजी डीएवी कॉलेज बठिंडा के प्रिंसिपल डॉ. राजीव शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भाषा विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को साहित्य से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए ऐसे आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पंजाबी भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए जिला भाषा कार्यालय को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
कविता गायन प्रतियोगिता में गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल मलूका के हरकीरत सिंह प्रथम, देसराज गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल बठिंडा के मिलाप सिंह द्वितीय और जेवियर वर्ल्ड स्कूल बठिंडा के धवलेश्वरबीर सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
इसके अलावा तपस्या गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल, मॉल रोड बठिंडा को मोटिवेशनल अवॉर्ड प्रदान किया गया। सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई गई
कार्यक्रम के दौरान रिसर्च ऑफिसर नवप्रीत सिंह ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई। जिला भाषा कार्यालय के सेल्स सेंटर प्रभारी सुखमनी सिंह के सहयोग से पुस्तक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई, जिसमें साहित्य और पुस्तकों के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अध्यापक हरसिमरन सिंह, गुरभिंदर सिंह, अजय कुमार, किरणदीप कौर गिल, राजवीर कौर और अनिल कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



