Writing
- रामपुरा में नए मोबाइल रेस्टोरेंट के पास पुलिस ने दबोचा आरोपी, तस्करी नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
- वॉर ऑन ड्रग्स अभियान के तहत कार्रवाई, सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में होगी पूछता
सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा, 23 नवंबर। (सुरेश रहेजा) पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 250 ग्राम अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आत्मा राम पुत्र देस राज, निवासी गली नंबर 12, गांधी नगर, रामपुरा, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुहैल कासिम मीर, आईपीएस के निर्देशों पर तथा एसपी इन्वेस्टिगेशन मनोज गोरसी के मार्गदर्शन में और डीएसपी रामपुरा फूल मनोज कुमार के नेतृत्व में थाना सिटी रामपुरा की पुलिस टीम 22 नवंबर 2026 को इलाके में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम जब नए मोबाइल रेस्टोरेंट, रामपुरा के पास पहुंची तो एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1 किलो 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना सिटी रामपुरा में मुकदमा नंबर 311, दिनांक 22 नवंबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 18-C/61/85 के तहत केस दर्ज किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी अफीम कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। साथ ही नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जाएगी।
बठिंडा पुलिस का कहना है कि ‘वॉर ऑन ड्रग्स’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य न केवल तस्करों को गिरफ्तार करना है, बल्कि नशे के अवैध नेटवर्क को खत्म कर युवा पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करना भी है।



