बठिंडा पुलिस ने 101 ग्राम हेरोइन बरामद की, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Picture of nationstationnews

nationstationnews

  • बठिंडा में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 101 ग्राम हेरोइन के साथ एक गिरफ्तार

बठिंडा/रामा, 30 अक्टूबर। पंजाब के बठिंडा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामा पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 101 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू (37) पुत्र जज कुमार, निवासी कमालू रोड, वार्ड नंबर-3, रामां मंडी, जिला बठिंडा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को थाना रामा की टीम बाघा फाटक के पास बहाद रामा मंडी क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे मोनू को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 101 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

इस संबंध में थाना रामा में मुकदमा संख्या 236 दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को NDPS एक्ट की धारा 21-B/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया।

दो दिन के पुलिस रिमांड पर रहा आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को 28 अक्टूबर को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद आरोपी को आज दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ड्रग्स के खिलाफ जंग’ के तहत की गई। अभियान डीजीपी पंजाब गौरव यादव के मार्गदर्शन में, डीआईजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह और एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। कार्रवाई में एसपी मुख्यालय जगदीश बिस्नोई के मार्गदर्शन तथा डीएसपी तलवंडी साबो जसज्योत सिंह की निगरानी रही।

 

[wps_visitor_counter]