- पहले दिन टेबल टेनिस, तलवारबाजी, कबड्डी और नेटबॉल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
- खिलाड़ियों के लिए पौष्टिक भोजन, पेयजल और मेडिकल सुविधाओं समेत किए गए व्यापक इंतजाम
- बठिंडा, 29 सितंबर।
(सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा)
‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत बठिंडा जिले में 29 खेलों के जिला स्तरीय मुकाबलों का शानदार आगाज हुआ। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य पंजाब के युवाओं को खेलों से जोड़ना, गांवों से उभर रही प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करना है।
बठिंडा में जिला स्तरीय मुकाबले डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान के दिशा-निर्देशों तथा जिला खेल अधिकारी रूपिंदर सिंह बराड़ के मार्गदर्शन में आयोजित किए जा रहे हैं। पहले दिन जिलेभर से सैकड़ों खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। खेल मैदानों में खिलाड़ियों के उत्साह और प्रतिस्पर्धा से माहौल पूरी तरह खेलमय नजर आया।
खिलाड़ियों के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। प्रशासन की ओर से पौष्टिक दोपहर का भोजन, स्वच्छ पेयजल, मेडिकल सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने व्यवस्थाओं की सराहना की।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए बठिंडा के विभिन्न खेल मैदानों और शिक्षण संस्थानों को खेल केंद्र बनाया गया है। स्पोर्ट्स स्कूल घुड़ा में एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में कबड्डी नेशनल, गतका, जूडो, किकबॉक्सिंग और नेटबॉल के मुकाबले हो रहे हैं।
इसके अलावा हरिकृष्णन पब्लिक स्कूल में शतरंज, एमएसडी स्कूल संतपुरा में टेबल टेनिस, बठिंडा शूटिंग अकादमी तलवंडी साबो में शूटिंग और खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल तलवंडी साबो में बॉक्सिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
खो-खो और वॉलीबॉल के मुकाबले श्री गुरु नानक देव पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल में, हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल और बास्केटबॉल के मुकाबले खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल बठिंडा में, जबकि हॉकी के मुकाबले हॉकी टर्फ स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं।
महाराजा रणजीत सिंह टेक्निकल यूनिवर्सिटी में तीरंदाजी, बैडमिंटन और फुटबॉल, प्राइम टेनिस अकादमी में लॉन टेनिस, दिल्ली पब्लिक स्कूल में तैराकी और क्रिकेट तथा पेरिस सिटी कॉलोनी में रोलर स्केटिंग के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। तलवारबाजी के मुकाबले श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल और कबड्डी सर्कल व वॉलीबॉल शूटिंग के मुकाबले डीएवी कॉलेज बठिंडा में आयोजित हो रहे हैं।
पहले दिन इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
पहले दिन कई खेलों में विजेताओं की घोषणा की गई। टेबल टेनिस अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में कृतिका ने पहला, रेविका शर्मा ने दूसरा और जिया कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
तलवारबाजी (इप्पी) अंडर-17 लड़कियों में अनुरीत ने स्वर्ण पदक, चारवी ने रजत और यास्मीन ने कांस्य पदक जीता। फेंसिंग (फॉइल) अंडर-17 में अनुरीत कौर ने पहला, चारवी ने दूसरा और वैदिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। अन्य अंडर-17 फेंसिंग मुकाबलों में खुशी ने पहला और हनीशा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
टीम स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी नेशनल अंडर-14 लड़कियों में गांव लहरी, तलवंडी साबो ब्लॉक की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। गांव अबलू, गोनियाना ब्लॉक की टीम दूसरे और गांव कोटरा कोड़ा, रामपुरा ब्लॉक की टीम तीसरे स्थान पर रही।
नेटबॉल अंडर-17 लड़कों में स्पोर्ट्स स्टेडियम बठिंडा की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। जस्सी पो वाली की टीम दूसरे और सेंट जोसेफ की टीम तीसरे स्थान पर रही।
जिला खेल अधिकारी रूपिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ महज प्रतियोगिता नहीं बल्कि पंजाब के युवाओं की प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बठिंडा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।


