बठिंडा में रीजनल इंडस्ट्री-एकेडमिया कॉन्क्लेव-2026 आयोजित, उद्योगों की जरूरत के मुताबिक बदलेगी टेक्निकल एजुकेशन

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 35 से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और कैंपस प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर

बठिंडा, 30 अक्टूबर। पंजाब स्टेट बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग की ओर से गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज बठिंडा के सहयोग से रीजनल इंडस्ट्री-एकेडमिया कॉन्क्लेव-2026 का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव में तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की बदलती जरूरतों के अनुरूप विकसित करने और विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में पंजाब स्टेट बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) संदीप कंसल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में नई तकनीकों और औद्योगिक जरूरतों के अनुसार तकनीकी शिक्षा को लगातार अपडेट करना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, समस्या समाधान क्षमता, आधुनिक तकनीकी कौशल और प्रभावी संवाद कौशल से लैस करना समय की मांग है।

डायरेक्टर (एकेडमिक) डॉ. भारत नरेश बंसल ने शैक्षणिक स्तर में सुधार, पाठ्यक्रम को औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप बनाने और तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्किल आधारित शिक्षा, नियमित शैक्षणिक समीक्षा और उद्योगों से जुड़े प्रोजेक्ट विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कॉन्क्लेव में शामिल उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए डिप्लोमा धारकों के लिए रोजगार की संभावनाओं, वर्तमान औद्योगिक रुझानों और जरूरी तकनीकी कौशल की जानकारी दी। इस दौरान पाठ्यक्रम में बदलाव, विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल का उन्नयन, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और इंटर्नशिप के अवसर बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

35 से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

कॉन्क्लेव में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी 35 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें एचएमईएल की गुरु गोबिंद सिंह रिफाइनरी, बठिंडा केमिकल लिमिटेड, ट्राइडेंट बरनाला, सत्या इंडस्ट्रीज श्री मुक्तसर साहिब, महा शक्ति लिमिटेड बठिंडा, स्टेल्को रामपुरा फूल, जेआर ट्रांसफॉर्मर बठिंडा, एमआर इंडस्ट्रीज और पीआर इंडस्ट्रीज बठिंडा सहित कई उद्योग शामिल रहे।

कार्यक्रम में उद्योगों के सहयोग से विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट तैयार कराने, औद्योगिक भ्रमण, अप्रेंटिसशिप और कैंपस प्लेसमेंट को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक कार्यप्रणाली का अनुभव देकर रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनाना है।

इसके अलावा संत बाबा अतर सिंह गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज बडबर, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज फतुही खेड़ा, कोटकपूरा, गुरु तेग बहादुर गढ़ मोगा, बरेटा और फिरोजपुर के प्रिंसिपल एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारियों सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर डायरेक्टर (एकेडमिक) डॉ. भारत नरेश बंसल, कंट्रोलर आईटीआई संजीव गोयल, एडमिन ऑफिसर विजय कुमार, डिप्टी डायरेक्टर रोजगार सृजन विभाग गुरतेज सिंह और बठिंडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]