- एसडीएम और डीएसपी की अगुवाई में गांव-गांव पहुंच रहीं टीमें, स्कूलों में सेमिनार और केमिस्ट दुकानों की जांच
बठिंडा, 30 अक्टूबर। पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा जिला प्रशासन और पुलिस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू किए गए ‘नशे के खिलाफ जंग’ अभियान के तहत जिले के 20 संवेदनशील हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन इलाकों में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के साथ-साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बताया कि सिविल और पुलिस प्रशासन की टीमें गांवों और शहरी क्षेत्रों में लगातार बैठकें और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। अभियान का उद्देश्य नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना और प्रभावित युवाओं को उचित उपचार उपलब्ध कराना है।
वहीं तलवंडी साबो में पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं की मदद करने और उन्हें उपचार दिलाने की अपील की।
दूसरी ओर, गांव जीदा में ग्रामीणों की मांग पर सार्वजनिक स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगवाई गईं, ताकि अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
खेलों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने की तैयारी
प्रशासन की ओर से नशे के खिलाफ अभियान को केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा गया है। जिला खेल विभाग और ग्रामीण विकास विभाग उन गांवों में खेल सुविधाएं विकसित करने में जुटे हैं, जहां खेल मैदान, स्पोर्ट्स किट और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी है। ऐसे गांवों में वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखा जा सके।
रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा, बठिंडा।



