सोशल मीडिया की हर खबर पर न करें भरोसा, पहले करें सत्यापन: डीआईजी

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • गुरु काशी यूनिवर्सिटी और सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्रों से मिले डीआईजी, डीसी और एसएसपी
  • आपात स्थिति में 112 और पुलिस के व्हाट्सऐप नंबरों पर करें संपर्क
  • तलवंडी साबो/बठिंडा, 29 सितंबर।

(सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा)

गुरु काशी यूनिवर्सिटी तलवंडी साबो और सेंट्रल यूनिवर्सिटी पंजाब, घुडा के विद्यार्थियों के साथ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने संवाद किया। गुरु काशी यूनिवर्सिटी में डीआईजी बठिंडा रेंज हरजीत सिंह, डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान और एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। वहीं सेंट्रल यूनिवर्सिटी पंजाब, घुडा में भी डीआईजी और एसएसपी ने छात्रों से बातचीत की।

अफवाहों से बचने की अपील

अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें। आज सोशल मीडिया के दौर में किसी स्थान पर हुई घटना की जानकारी कुछ ही समय में दूर-दराज तक पहुंच जाती है। कई बार अपुष्ट या गलत जानकारी भी तेजी से प्रसारित होने लगती है। ऐसे में किसी खबर पर विश्वास करने या उसके आधार पर कोई कार्रवाई करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करना बेहद जरूरी है।

अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थी सोशल मीडिया पर सामने आने वाली खबरों को बिना सत्यापन के आगे शेयर न करें। जिला प्रशासन और पुलिस विद्यार्थियों की सहायता के लिए हर समय उपलब्ध है।

112 और व्हाट्सऐप नंबर पर मिलेगी मदद

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर 112 पर कॉल की जा सकती है। इसके अलावा पुलिस से 0164-2214006 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

विद्यार्थी व्हाट्सऐप के माध्यम से 7508009080 और 9878421400 पर भी पुलिस को संदेश भेज सकते हैं। इस दौरान दोनों विश्वविद्यालयों के छात्रों ने अधिकारियों के साथ अपनी समस्याएं और चिंताएं साझा कीं।

कार्यक्रम में गुरु काशी यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. बलराज सिंह, प्रो. वाइस चांसलर डॉ. जगतार सिंह धीमान, सेंट्रल यूनिवर्सिटी पंजाब के जर्नलिज्म विभाग से डॉ. रामकृष्ण वुसिरिका, प्रो. रूबल कनोजिया, डीएसपी एच.एस. सरन, डीएसपी गुरप्रीत सिंह, एसएचओ सुखविंदर सिंह बराड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]