बांदा वेटरन्स ने हमीरपुर को हराकर दर्ज की शानदार जीत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • तरुण नंदा बने मैन ऑफ द मैच, 17.3 ओवर में हासिल किया 116 रन का लक्ष्य
  • 11 अक्टूबर को महोबा से होगा अगला मुकाबला, बैठक में बनी रणनीति

अरविंद श्रीवास्तव, जिला संवाददाता

बांदा। जिला वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित डॉ. गौर हरि सिंघानिया इंटर डिस्ट्रिक्ट वेटरन्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में बांदा वेटरन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हमीरपुर वेटरन्स को शिकस्त दी। 4 अक्टूबर 2026 को खेले गए मुकाबले में बांदा की टीम ने 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हमीरपुर वेटरन्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 115 रन बनाए। टीम की ओर से जयदीप त्रिपाठी ने 35 रन और कप्तान शमशाद नबी ने 36 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांदा वेटरन्स की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और 17.3 ओवर में 116 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। बांदा की ओर से खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतर प्रदर्शन किया।

शानदार गेंदबाजी के लिए तरुण नंदा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उनके प्रदर्शन की टीम के पदाधिकारियों और साथी खिलाड़ियों ने सराहना की।

11 अक्टूबर को महोबा से भिड़ेगी बांदा वेटरन्स

जिला वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रमौली भारद्वाज ने बताया कि बांदा वेटरन्स का अगला मुकाबला 11 अक्टूबर 2026 को महोबा वेटरन्स के साथ होगा। आगामी मुकाबले को लेकर एसोसिएशन के कार्यालय में बैठक कर टीम की तैयारियों और पिछले मैच के प्रदर्शन की समीक्षा की गई।

अध्यक्ष ने खिलाड़ियों से अनुशासन, एकता और खेल भावना के साथ मैदान में उतरने की अपील की। एसोसिएशन पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए महोबा के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

[wps_visitor_counter]