अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • तिंदवारी-बगिया संपर्क मार्ग पर भेड़ौरा के पास हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद तीनों जिला अस्पताल रेफर

अरविंद श्रीवास्तव, जिला संवाददाता

बांदा। तिंदवारी-बगिया संपर्क मार्ग पर रविवार देर रात करीब नौ बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ग्राम भेड़ौरा के पास गांव से निकलते ही छोटी नहर के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई।

एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे तीनों युवक

भेड़ौरा गांव निवासी सुमित (20) पुत्र श्रीराम, विजय (18) पुत्र प्रसन्न कुमार और मुकेश (17) पुत्र बच्चा एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से तिंदवारी कस्बे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

राहगीरों ने घटना की सूचना 108 एंबुलेंस और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी पहुंचाया।

वहां चिकित्सकों ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सुमित, विजय और मुकेश को जिला अस्पताल बांदा रेफर कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की जानकारी जुटाने में लगी है।

[wps_visitor_counter]