- सूरत में एक ही कमरे में रहते थे दोनों युवक, पानी पीने के बाद खून की उल्टी होने का दावा
- गांव लौटने के बाद भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
अरविन्द श्रीवास्तव जिला संवाददाता
बांदा। पड़ोसी युवक के साथ गुजरात के सूरत में मजदूरी करने गए एक मजदूर ने झगड़े के बाद पानी की बोतल में केमिकल मिलाकर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। मजदूर का दावा है कि संदिग्ध पानी पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां हुईं। सूरत में इलाज कराने के बाद गांव लौटे मजदूर ने अब पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नगनेधी निवासी खेलाड़ी गांव के ही पड़ोसी नोखेलाल के साथ गुजरात के सूरत में मजदूरी करने गए थे। दोनों एक ही कमरे में किराए पर रहते थे। आरोप है कि बीते अगस्त माह में किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद खेलाड़ी ड्यूटी पर चला गया। आरोप है कि इसी दौरान नोखेलाल ने कमरे में रखी पानी की बोतल में कोई केमिकल मिला दिया और उसी दिन गांव वापस आ गया।
खेलाड़ी के मुताबिक, ड्यूटी से लौटने के बाद उसने बोतल में रखा पानी पी लिया। इसके बाद रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसने खून की उल्टी की। हालत खराब होने पर सूरत में उसका इलाज कराया गया। करीब 15 दिन पहले वह उपचार के बाद गांव वापस आया।
मजदूर का यह भी आरोप है कि गांव लौटने के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले को लेकर उसने थाने में प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


