मूसलाधार बारिश से फसलें जलमग्न, कस्बे में चारों ओर जलभराव

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • बाजार, गलियां, अस्पताल और थाना परिसर में भरा पानी, जनजीवन प्रभावित
  • बिजली कटौती और फसल खराब होने की आशंका से बढ़ी लोगों व किसानों की चिंता

अरविन्द श्रीवास्तव, जिला संवाददाता

बांदा। बीते दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश कस्बावासियों के लिए आफत बन गई है। तेज बारिश के चलते कस्बे के कई हिस्सों में एक बार फिर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। बाजार से लेकर गली-मोहल्लों तक पानी जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं अस्पताल और थाना परिसर में भी पानी भरने से मरीजों, तीमारदारों और फरियादियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ दिन पहले ही लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिली थी, लेकिन लगातार बारिश ने हालात फिर बिगाड़ दिए। कस्बे के एक दर्जन से अधिक मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़कें और गलियां पानी में डूबी होने से लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।

अस्पताल और थाना परिसर भी जलमग्न

बारिश का असर सार्वजनिक संस्थानों पर भी दिखाई दे रहा है। अस्पताल परिसर में पानी भरने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। थाना परिसर में जलभराव के कारण फरियादियों और पुलिसकर्मियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण तेज बारिश होते ही कस्बे में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।

फाल्ट बढ़ने से बार-बार गुल हो रही बिजली

लगातार बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। विद्युत लाइनों में फाल्ट आने के कारण बार-बार बिजली गुल हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार आधे से एक घंटे के अंतराल पर बिजली कटौती हो रही है। बारिश और जलभराव के बीच बिजली की अनियमित आपूर्ति ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

खेतों में पानी भरने से किसानों की बढ़ी चिंता

लगातार बारिश से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में पानी भर जाने से फसलों के खराब होने की आशंका बनी हुई है। किसान बारिश थमने और खेतों से पानी निकलने का इंतजार कर रहे हैं। यदि इसी तरह लगातार बारिश होती रही तो फसलों को और नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसानों ने जल निकासी की व्यवस्था कराकर खेतों में जमा पानी निकलवाने की मांग की है।

[wps_visitor_counter]