- जनसभा की तैयारियां तेज, कार्यकर्ताओं ने लोगों से की बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील
- शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य समेत स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की संभावना
रामपुर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी 18 अक्टूबर को रामपुर पहुंचेंगे। उनकी प्रस्तावित जनसभा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनसभा शाम पांच बजे आयोजित की जाएगी।
इसी क्रम में पार्टी के युवा जिला अध्यक्ष सलमान शाह ने रामपुर के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क कर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने स्थानीय लोगों को जनसभा की जानकारी देते हुए बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने और बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी को सुनने की अपील की।
सलमान शाह ने कहा कि ओवैसी की रामपुर आमद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके मुताबिक जनसभा में क्षेत्र के अहम मसलों के साथ-साथ नौजवानों के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि रामपुर की जनता से पार्टी का रिश्ता केवल सियासत तक सीमित नहीं है। जनता के अधिकारों और बुनियादी समस्याओं को आवाज देना भी उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 18 अक्टूबर को शाम पांच बजे बड़ी संख्या में जनसभा में पहुंचकर कार्यक्रम को कामयाब बनाएं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान युवा जिला महासचिव जुनैद खान, जिला महासचिव रफीक अहमद, जिला महासचिव मोहम्मद आकिब, युवा जिला संयुक्त सचिव मोहम्मद रिहान, मोहम्मद वसीम, रिज अहमद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


