- पांचों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मिलीं 216 शिकायतें, 29 का मौके पर निस्तारण
- टांडा तहसील में डीएम और एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अंबेडकरनगर। जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी शिकायतों का समयसीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह निर्देश जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने शनिवार को तहसील टांडा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान दिए।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनपद की पांचों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 216 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 29 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसील टांडा में 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दो का मौके पर समाधान किया गया। वहीं शेष चार तहसीलों में 202 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 का निस्तारण मौके पर किया गया।
शिकायतकर्ता को मिले न्याय, सिर्फ कागजी कार्रवाई न हो
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है। इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।



