डीएम ने जिला लोहिया अस्पताल का किया गहन निरीक्षण

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

 

  • मरीजों से उपचार और दवा की ली जानकारी, ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता परखी
  • अनुपस्थित चिकित्सकों व कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश

मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद 

फ़र्रूख़ाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शुक्रवार को जिला लोहिया अस्पताल का गहन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत की तथा उपचार, दवा, जांच और अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

ब्लड बैंक में जांचीं व्यवस्थाएं

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल स्थित ब्लड बैंक का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति एवं अटेंडेंस की जांच की। इसके साथ ही ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त यूनिट, उनके सुरक्षित रखरखाव तथा जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी संबंधित कर्मचारियों से ली। एनीमिया से पीड़ित मरीजों के उपचार में रक्त के उपयोग को लेकर भी डीएम ने आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

अनुपस्थित मिले स्टाफ पर कार्रवाई के निर्देश

उपस्थिति की जांच के दौरान अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के संबंध में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, जिससे मरीजों को उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वार्डों में साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाएं परखीं

इसके बाद डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का क्रमवार निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की स्थिति, बेड व्यवस्था, साफ-सफाई, चिकित्सकीय सेवाओं तथा उपलब्ध सुविधाओं को देखा। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के उपचार की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से उपचार, आवश्यक जांच, दवा और जरूरत के अनुसार अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों एवं तीमारदारों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने जिलाधिकारी को अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं, मरीजों के उपचार और ब्लड बैंक की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। सीएमएस पुरुष डॉ. जगमोहन शर्मा सहित संबंधित चिकित्सक एवं कर्मचारी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए मरीजों की सुविधा के अनुरूप आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

[wps_visitor_counter]