इचौली रोड स्थित गैस एजेंसी के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, 315 बोर का तमंचा बरामद
अरविंद श्रीवास्तव
बांदा। मटौंध थाना पुलिस ने गुरुवार को गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अंतर्जनपदीय अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
मटौंध थाना क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इचौली रोड स्थित गैस एजेंसी के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध असलहा लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
महोबा का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हृदेश उर्फ ब्रजेश पुत्र मलखान, निवासी वाधवा खोड़ा, थाना कबरई, जनपद महोबा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ थाना कबरई और थाना मटौंध में पूर्व से विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मटौंध में मु0अ0सं0 167/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मटौंध दीपेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मणिशंकर मिश्र और कांस्टेबल पुष्पेन्द्र कुमार शामिल रहे।


