- सेवा संकल्प अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया दीप प्रज्ज्वलन, विकसित भारत-2047 का दिया संदेश
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश के साथ ज्वालानगर स्थित राम चौक पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में शहर विधायक आकाश सक्सेना, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर केक भी काटा गया।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का संकल्प
‘आशीर्वाद का दीया’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। लोगों ने जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
सेवा और सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश
दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से सेवा, सहयोग, सामाजिक सद्भाव और विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने विकसित भारत-2047 के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए सामूहिक रूप से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया।


