- शुक्रवार परेड की सलामी लेकर किया निरीक्षण, भोजनालय से लेकर जिम और विभिन्न शाखाओं का लिया जायजा
शाहबाज खां जिला संवाददाता
रामपुर। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह सिसोदिया ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की अनुशासन एवं परेड की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में स्थित भोजनालय, रीडिंग रूम (लाइब्रेरी), कैंटीन, मनोरंजन कक्ष, म्यूजियम, जिम, आरटीसी कार्यालय, कैश कार्यालय और परिवहन शाखा सहित अन्य शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार एवं बेहतर संचालन को लेकर निर्देशित किया।
ओआर में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने ओआर (Orderly Room) का आयोजन किया। इसमें पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी समस्याओं, प्रार्थना-पत्रों तथा लंबित प्रकरणों की सुनवाई की गई। एसपी ने मामलों का गुण-दोष के आधार पर निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुलिसकर्मियों से संबंधित प्रकरणों का त्वरित और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और पुलिसकर्मियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।


