- कांग्रेस का आरोप—OBC की वास्तविक आबादी सामने न आने देने की कोशिश
- कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर ड्रॉपडाउन सूची शामिल करने की उठाई मांग
अरविंद श्रीवास्तव जिला संवाददाता
बांदा। जनगणना के फार्म में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए अलग कॉलम शामिल किए जाने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अफसाना शाह और पूर्व जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न कुमार ‘लालू दुबे’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से जनगणना में OBC वर्ग की गणना को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि जनगणना फार्म में OBC के लिए अलग कॉलम शामिल नहीं किए जाने से देश की बड़ी आबादी की वास्तविक संख्या सामने नहीं आ सकेगी। कांग्रेसियों ने इसे OBC वर्ग को उसकी हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व से जोड़कर केंद्र सरकार से इस विषय में हस्तक्षेप की मांग की।
ड्रॉपडाउन सूची शामिल करने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने बिहार और तेलंगाना में अपनाए गए जनगणना संबंधी मॉडल का हवाला देते हुए कहा कि जनगणना में सूचीबद्ध जातियों की गणना के लिए ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उनका कहना है कि केंद्र और राज्यों की सूची में शामिल जातियों की स्पष्ट गणना होने से संबंधित वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का आंकड़ा सामने आ सकेगा।
ज्ञापन में कांग्रेसियों ने जनगणना प्रक्रिया में OBC वर्ग के लिए उपयुक्त प्रावधान करने और ड्रॉपडाउन सूची उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।
इस दौरान पूर्व नगर पालिका चेयरमैन मोहन साहू, पवन देवी कोरी, द्वारिकेश यादव मंडेला, डॉ. केपी सेन, अशरफ उल्ला पप्पू रम्पा, अंसार अहमद सिद्दीकी, मोहित, रम्मू प्रसाद वर्मा, रविशंकर धुरिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


