- हेलीपैड पर जलभराव को प्रशासन ने बताया वजह, सपा ने उठाए सवाल
- सपा नेताओं का आरोप—मौके पर जलभराव नहीं, मरम्मत दिखाने के लिए ईंट-गारा रखे गए
बुलंदशहर। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 11 सितंबर को प्रस्तावित बुलंदशहर दौरा रद्द हो गया है। उनके हेलीकॉप्टर को बुलंदशहर पुलिस लाइन मैदान में उतरना था। पुलिस एवं प्रशासन की ओर से हेलीपैड पर जलभराव और मरम्मत कार्य को दौरा रद्द होने की वजह बताया गया है।
पहले सार्वजनिक स्थानों पर नहीं मिली अनुमति
सपा नेताओं के मुताबिक, पार्टी की ओर से बुलंदशहर में दो सार्वजनिक स्थानों पर PDA सम्मेलन आयोजित करने की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली। इसके बाद सपा ने एक निजी मैरिज होम को कार्यक्रम के लिए बुक किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार अखिलेश यादव हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन मैदान पहुंचते और वहां से मैरिज होम जाकर पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होते।
📰 बरेली: 3.97 करोड़ की जल जीवन मिशन योजना नदी में समाई, टंकी का ढांचा किच्छा नदी में गिरा
सपा ने प्रशासन की कार्रवाई पर उठाए सवाल
दौरा रद्द होने के बाद सपा नेताओं ने प्रशासन के दावे पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि जब पार्टी नेता मौके पर पहुंचे तो वहां कोई स्पष्ट जलभराव नहीं था। सपा नेताओं का दावा है कि हेलीपैड पर सीमेंट, गारा और ईंटें रखकर मरम्मत कार्य किए जाने का माहौल बनाया गया, ताकि हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति रद्द करने के फैसले को उचित ठहराया जा सके।
रायबरेली में आज से गूंजेगी शिव महापुराण कथा, ऊंचाहार में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
हालांकि, जलभराव और मरम्मत कार्य को लेकर प्रशासन का पक्ष अलग है। प्रशासन की ओर से इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए हेलीपैड के इस्तेमाल की अनुमति रद्द किए जाने की बात कही गई है।
अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे के रद्द होने के बाद बुलंदशहर में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। अब सपा नेताओं के आरोपों और प्रशासन के दावे के बीच वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


