- गंगाघाट में छह अगस्त की रात किन्नर वैशाली और चालक को बंधक बनाकर हुई थी लूट
- पुलिस ने 2.95 लाख नकद, मोबाइल, तमंचे और सोने-चांदी के जेवर किए बरामद
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में छह अगस्त की रात किन्नर वैशाली और उनके चालक मोहम्मद आसिफ को बंधक बनाकर की गई लाखों रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गंगाघाट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, नई बस्ती डकारी, कर्मी बिजलामऊ निवासी वैशाली के घर में छह अगस्त की रात बदमाश घुसे थे। आरोप है कि उन्होंने वैशाली और उनके चालक आसिफ को बंधक बनाकर मारपीट की और घायल कर दिया। इसके बाद नकदी और आभूषण सहित लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। मामले में वैशाली की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
रविवार रात करीब 9:25 बजे पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी हाईवे स्थित कनोडिया पेट्रोल पंप के पास दिव्यांग स्कूल के गेट के अंदर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर गंगाघाट पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने बच निकलने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल आरोपियों की पहचान फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र के कोरई निवासी शईम उर्फ सोएब और खागा थाना क्षेत्र के घूमनगंज निवासी शफीक उर्फ जग्गा के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, तीसरे आरोपी की पहचान कानपुर के बाबूपुरवा निवासी अलजा उर्फ राजा के तौर पर हुई है।
629 तारीखों और करीब सात साल बाद मिला इंसाफ, आदित्य हत्याकांड में 14 दोषियों को उम्रकैद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 2.95 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, दो तमंचे और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद जेवरात में कंगन, चूड़ियां, झुमके, चेन, मंगलसूत्र, पायल और अंगूठियां सहित अन्य सामान शामिल बताया गया है।
सीओ सिटी विनी सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार शईम के खिलाफ फतेहपुर और कानपुर में आर्म्स एक्ट और लूट से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं शफीक के खिलाफ फतेहपुर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, विस्फोटक पदार्थ और एनडीपीएस एक्ट सहित 14 से ज्यादा मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
लखनऊ में शहीद पथ पर भीषण हादसा, DIG हेमराज मीणा की कार आगे-पीछे से टकराई
पुलिस अब बरामद रुपये और जेवरात की पहचान लूटे गए सामान से करा रही है। साथ ही वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
छह अगस्त की रात हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस की गिरफ्तारी और बरामदगी को मामले के खुलासे की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है। हालांकि मुठभेड़, बरामदगी और आरोपियों की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।





Total Users : 124538
Total views : 156925