- चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग, कहा- जो साइकिल से चलते थे, आज बड़ी गाड़ियों और आलीशान मकानों के मालिक बन गए
न्यूज डेस्क
अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों और चोरी की खबरों के बीच राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नित्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने चढ़ावे से जुड़े मामलों की जांच की मांग करते हुए व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
महंत कमल नयन दास ने कहा कि मामले की जांच होनी चाहिए, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जांच कौन करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यवस्था में शामिल लोग ईमानदार नहीं हैं। उन्होंने कहा, “अब भगवान ही जांच करेंगे।”
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जो लोग कभी साइकिल से चला करते थे, वे आज बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूम रहे हैं और उनके बड़े-बड़े मकान बन गए हैं। उन्होंने कहा कि वह सभी के नाम नहीं गिना सकते, लेकिन जो जैसा करेगा, उसे वैसा फल अवश्य मिलेगा।
महंत कमल नयन दास ने कहा, “भगवान सब देख रहे हैं और समय आने पर दंड भी देंगे। ये सब दूध के धुले नहीं हैं, अच्छे बेईमान हैं।”
https://www.facebook.com/share/v/1BX2jjNPen/?mibextid=wwXIfr
उनके इस बयान के बाद राम मंदिर के चढ़ावे और उससे जुड़े वित्तीय प्रबंधन को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, उनके आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



